Maharajganj Times

ओवरलोड ट्रक सीज होने पर चालक का हाईवोल्टेज ड्रामा, गला कसकर आत्महत्या का प्रयास, वीडियो वायरल

Maharajganj
Tuesday, 02 Jun, 2026
0
288

 

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा स्थित सोनौली बॉर्डर के पास ओवरलोड ट्रक के खिलाफ की गई कार्रवाई के बाद एक चालक ने बीच सड़क पर हाईवोल्टेज ड्रामा कर दिया। चालक द्वारा ट्रक में लगी लोहे की तार से अपना गला कसकर आत्महत्या का प्रयास करने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। जानकारी के अनुसार, सोनौली क्षेत्र में पुलिस और परिवहन विभाग द्वारा ओवरलोड वाहनों के खिलाफ सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान एक ओवरलोड ट्रक को पकड़ा गया और नियमों के उल्लंघन के आरोप में उसे सीज कर दिया गया। कार्रवाई से नाराज ट्रक चालक अपना आपा खो बैठा और सड़क पर हंगामा शुरू कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक चालक ट्रक पर चढ़ गया और उसमें लगी लोहे की तार को अपने गले में बांधकर आत्महत्या करने का प्रयास करने लगा। चालक की इस हरकत को देखकर मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थिति को गंभीर होता देख पुलिसकर्मियों ने तत्परता और सूझबूझ का परिचय देते हुए चालक को समझाया और सुरक्षित नीचे उतार लिया। घटना के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग पर काफी देर तक आवागमन प्रभावित रहा। सड़क पर लोगों की भीड़ जमा हो गई, जिससे यातायात व्यवस्था बाधित हो गई। बाद में पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए यातायात को सुचारु कराया। सोनौली बॉर्डर के पास हुई इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और चालक से पूछताछ की जा रही है।